भारत ने शुक्रवार को बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य उन्मुख संबंधों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते साझा इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित हैं।
यह टिप्पणी बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के हालिया बयान से जुड़े सवालों के जवाब में की गई।
साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह 22-23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे।
पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। इस दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
बातचीत में विकास सहयोग, ऊर्जा साझेदारी और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर प्रवक्ता ने कहा कि इससे व्यापार, निवेश और निर्यात के नए अवसर पैदा होंगे तथा युवाओं, किसानों, निर्यातकों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को लाभ मिलेगा।
कतर में कारावास की सजा काट रहे पूर्व भारतीय नौसेना अधिकारी पूर्णेंदु तिवारी के अस्पताल में भर्ती होने संबंधी रिपोर्टों पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह कतर के अधिकारियों और उनके परिवार के संपर्क में है तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।







