नेपाल के प्रधानमंत्री बलेन्द्र शाह दो दिवसीय भारत यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। मार्च में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।
हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शाह भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

इससे पहले उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। सोमवार को प्रधानमंत्री शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद वे राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के साथ शिखर वार्ता में भाग लेंगे।
भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों के बीच होने वाली बातचीत में दोनों देशों के संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।
इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा सकता है तथा नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जा सकती है।
दोनों देशों के बीच ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे संपर्क, सीमा-पार कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचा विकास, प्रौद्योगिकी सहयोग, जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों तथा सहयोग दस्तावेजों के आदान-प्रदान की भी संभावना है।
यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री शाह की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी।
इससे पहले दोनों नेताओं के बीच टेलीफोन पर बातचीत और संदेशों का आदान-प्रदान हो चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा मिलेगी और आने वाले वर्षों में विकास, आर्थिक सहयोग तथा क्षेत्रीय साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।







