नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद से वह देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार काम कर रहे हैं।
लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में मंगलवार को उनके कार्यकाल के 4398 दिन पूरे हो गये।
यह पंडित नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4398 दिन के कार्यकाल के बराबर है।
पंडित नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक प्रधानमंत्री रहे थे।
वैसे पंडित नेहरू आजादी के बाद 15 अगस्त 1947 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन तब वह निर्वाचित नहीं, बल्कि अंतरिम सरकार में प्रधानमंत्री थे।
इससे पहले मोदी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिन के लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के कार्यकाल से आगे निकल चुके हैं।
श्रीमती गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार प्रधानमंत्री रही थी। यद्यपि वह बाद में 1980 में भी प्रधानमंत्री चुनी गयीं थी।
मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में भी 9000 से भी अधिक दिन तक कार्य कर चुके हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नौ जून 2024 को शपथ ली थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह उपलब्धि भारत में शासन के पैमाने और जटिलता को देखते हुए विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जो 1.4 बिलियन (140 करोड़) से अधिक लोगों का देश है और भाषा, संस्कृति, धर्म तथा भूगोल में असाधारण विविधता से समृद्ध है।
ऐसे समय में जब कई देशों ने राजनीतिक उथल-पुथल, सरकार में बार-बार बदलाव और नीतिगत अनिश्चितता देखी है, भारत ने नेतृत्व और शासन में निरंतरता का अनुभव किया है।
यह दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीन राष्ट्रीय जनादेशों में निरंतर सार्वजनिक विश्वास को दर्शाता है।
स्वतंत्र वैश्विक सर्वेक्षणों ने लगातार प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेताओं में स्थान दिया है। उन्हें 30 से अधिक देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है।
एक साधारण सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से उठकर बिना किसी राजनीतिक राजवंश के समर्थन के सर्वोच्च निर्वाचित पद तक प्रधानमंत्री मोदी का पहुँचना व्यापक रूप से भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली द्वारा प्रदान किए जाने वाले अवसरों और सामाजिक गतिशीलता के एक उदाहरण के रूप में देखा जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान, लगभग 250 मिलियन (25 करोड़) भारतीय बहुआयामी गरीबी से बाहर निकले, और लोगों ने डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार, बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का विकास, कल्याणकारी वितरण में सुधार और व्यापक सामाजिक-आर्थिक प्रगति देखी।
सूत्रों के अनुसार आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राज्य सरकारों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें मोदी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी जायेगी। इस अवसर पर एक प्रस्ताव भी पारित किये जाने की संभावना है।







