भारत और मंगोलिया के बीच आयोजित होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलिफेंट’ का 18वां संस्करण सोमवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में शुरू हो गया। यह सैन्य अभ्यास 3 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ‘नोमैडिक एलिफेंट’ एक वार्षिक प्लाटून-स्तरीय सैन्य अभ्यास है, जिसका आयोजन बारी-बारी से भारत और मंगोलिया में किया जाता है। इसका पिछला संस्करण मंगोलिया की राजधानी उलानबातर में आयोजित हुआ था। इस बार अभ्यास में भारतीय सेना और मंगोलियाई सशस्त्र बलों के 45-45 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।
मंत्रालय ने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के जनादेश के तहत अर्ध-शहरी एवं पर्वतीय क्षेत्रों में आतंकवाद-रोधी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए दोनों देशों की संयुक्त सैन्य क्षमता को और सुदृढ़ बनाना है।
अभ्यास के दौरान सैनिकों को विभिन्न आधुनिक सैन्य तकनीकों और अभियान संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन), कक्ष प्रवेश एवं घुसपैठ अभ्यास, विशेष हेलीकॉप्टर अभियान, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण तथा ड्रोन एवं ड्रोन-रोधी प्रणालियों के संचालन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
यह संयुक्त अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं को वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में एक साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने, अनुभव साझा करने तथा आपसी समन्वय और संयुक्त अभियान क्षमता को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।







